देहरादून: पाकिस्तानी उमर मुस्ताक ने खुद को ब्रिटिश नागरिक डाॅ. हैरी आनंद बताते हुए विकास नगर की एक तलाकशुदा महिला को प्रेम जाल में फंसाया। शादी और मिलने आने का देकर उससे 33 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की तहरीर पर विकास नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंस्पेक्टर के मुताबिक, महिला तलाकशुदा है। मैट्रिमोनियल साइट पर उसने दूसरी शादी के लिए अपनी प्रोफाइल बनाई थी। साइट पर ही खुद को डाॅ. हैरी आनंद बताने वाले उमर मुश्ताक से उसकी बातचीत शुरू हुई। इसके बाद मोबाइल नंबर ले लिया। दोनों की वाट्सएप चैट होने लगी।
डा. हैरी बने मुश्ताक ने बताया कि वह ब्रिटिश नागरिक हैं। महिला को शादी का झांसा दिया और मिलने आने की बात कही। महिला के मुताबिक, 21 मार्च को उसके पास एक फोन आया। उसने कहा कि वह कस्टम अधिकारी वंदना मिश्रा बोल रही हैं। डाॅ. हैरी के पास पाउंड हैं, जिनकी क्लीयरेंस नहीं मिल पा रही है।
इसके बाद डाॅ. हैरी (मुश्ताक) ने बात की उन्होंने कहा कि फंस गया हूं। रुपयों की जरूरत है महिला को विश्वास में लेकर एक्सिस बैंक के खाते में 33 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी रुपयों की मांग करते रहे। मना करने पर फोन काटकर स्विच ऑफ कर दिया। ठगी की आशंका होने पर थाने में तहरीर दी। पड़ताल हुई तो पता चला कि डॉ. हैरी आनंद नहीं वह पाकिस्तानी नागरिक है।