Mar 11, 2026

बजट सत्र के बीच सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन: विधानसभा परिसर में रम्माण, नंदा राजजात और ऐपन कला की अनूठी गैलरी

post-img

उत्तराखंड विधानसभा परिसर में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को दर्शाने वाली अनेक पेंटिंग्स प्रदर्शित की गई हैं। इन चित्रों में प्रदेश की पारंपरिक कला, लोकनृत्य, धार्मिक यात्राओं और पारंपरिक आभूषणों सहित विभिन्न सांस्कृतिक पहलुओं को आकर्षक रूप में उकेरा गया है। बजट सत्र के दौरान विधानसभा भवन परिसर में स्थापित उत्तराखंड की संस्कृति और लोककला पर आधारित फोटो गैलरी का राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अवलोकन किया।

विधानसभा परिसर में नवनिर्मित इस गैलरी में विशेष रूप से रम्माण के पारंपरिक मुखौटे, नंदा राजजात यात्रा, रम्माण पेंटिंग, छोलिया नृत्य, ऐपन कला, पारंपरिक आभूषण तथा लोक वाद्य यंत्रों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इन पेंटिंग्स के जरिए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की विविधता और समृद्धि को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। इन कलाकृतियों को प्रदेश के स्थानीय कलाकारों मुकुल बड़ूनी, ज्योति जोशी और मोहनलाल ने तैयार किया है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि किसी भी राष्ट्र या प्रदेश की पहचान उसकी संस्कृति से होती है। यदि किसी समाज को जीवंत और प्रगतिशील बनाए रखना है तो उसकी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और उसे आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककलाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायक तथा वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।