नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन के विधानसभा क्षेत्र शकूर बस्ती के सभी 3 वार्ड में बीजेपी प्रत्याशी जीत गए हैं। आप के प्रत्याशी यहां दूसरे नंबर पर रहे। यहां के सरस्वती विहार वार्ड संख्या 58 से भाजपा प्रत्याशी शिखा भरद्वाज ने आम की उर्मिला गुप्ता को हरा दिया है। वहीं, पश्चिम विहार वार्ड – 59 से भाजपा के विनीत वोहरा ने शालू दुग्गल को शिकस्त दे दी है। इसके अलावा रानी बाग वार्ड 60 से ज्योति अग्रवाल ने आप प्रत्याशी मिथलेस पाठक को मात दे दी है। बता दें कि आप विधायक सत्येंद्र जैन प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग केस (PMLA) में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
आम आदमी पार्टी के दूसरे कद्दावर नेता और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज से विधायक हैं। उनके क्षेत्र में 4 वार्ड हैं. इन सभी वार्ड में बीजेपी बढ़त बनाए हुए है। वार्ड 196 मयूर विहार-2 में बीजेपी प्रत्याशी बिपिन बिहारी, 198-विनोद नगर से रविंदर सिंह नेगी और 199-मंडावली वार्ड से बीजेपी की शशि चांदना आप प्रत्याशियों से आगे चल रही हैं। 197-पटपड़गंज से आप प्रत्याशी सीमा बीजेपी की रेनू चौधरी से आगे चल रही हैं।
दिल्ली सरकार में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय बाबरपुर से विधायक हैं। इनके क्षेत्र में चार वार्ड आते हैं। बीजेपी ने इस बार सुभाष मोहल्ला से मनीषा सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं, आम आदमी पार्टी से रेखा त्यागी और कांग्रेस से नजरा बेगम मैदान में हैं। यहां आप प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। कबीर नगर से बीजेपी ने विनोद कुमार को मैदान में उतारा है तो आम आदमी पार्टी से साजिद उन्हें चुनौती दे रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने यहां से जरीफ को टिकट दिया है। इस वार्ड में कांग्रेस आगे चल रही है।