देश और दुनिया में आज फादर्स डे मनाया जा रहा है। लेकिन क्या आप जानते है इतिहास में 19 जून कई कारणों से दर्ज है। भारत के लिहाज से देखें तो इस दिन देश के पहले संचार उपग्रह एप्पलका सफल परीक्षण हुआ था। उस दौर में सीमित संसाधनों के बाद भी भारत ने इसे बनाने में सफलता हासिल की थी। 19 जून 1981 को इसे फ्रांस के फ्रेंच गुआना से एरिये-1 रॉकेट के जरिये लांच किया गया था। भारत के इस संचार उपग्रह को दो साल के लिए इस्तेमाल किया गया। इस दौरान इसके जरिये कई अहम शोध किए गए। 13 अगस्त 1981 को इसे तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश को समर्पित किया था। इसकी लॉन्चिंग के एक साल पूरे होने पर 19 जून 1982 को इसका स्टांप जारी किया गया। एप्पल को सैंडविच पैसेंजर के रूप में डिजाइन कर निर्मित किया गया था, जिसमें मीटियोसैट ऊपर और C.A.T. (कैप्सूल एरियान टेक्नॉलोजिक) मॉड्यूल नीचे था।
आज ही के दिन यानी 19 जून ,1970 को देश के कांग्रेसी नेता राहुल गांधी का जन्म हुआ था। इंडिया टुडे के पास मौजूद दस्तावेज के मुताबिक, राहुल गांधी का जन्म नई दिल्ली के होली फैमिली हॉस्पिटल में 19 जून 1970 को हुआ था। अस्पताल के रजिस्टर में उन्हें ‘बेबी सोनिया गांधी’, पिता का नाम ‘राजीव गांधी’, लिंग ‘एमसी’ यानी मेल चाइल्ड, राष्ट्रीयता ‘इंडियन’, धर्म ‘हिंदू’ और पता ‘नं. 1, सफदरजंग रोड, नई दिल्ली’ दर्ज है।
19 जून के इतिहास में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाएं इस प्रकार हैं:
1269: फ्रांस के राजा लुई द्वारा सभी यहूदियों को एक खास बैज पहनने का हुक्म दिया गया।
1716: मुगलों से लौह लेने और उनका अजेय होने का भ्रम तोड़ने वाले सिख सैनिक बंदा सिंह बहादुर को बादशाह फरूखसियर के आदेश पर मौत के घाट उतार दिया गया।
1843: ‘दास कैपिटल’ के लेखक और समाजशास्त्री रहे काल मार्क्स ने विवाह किया।
1910: वॉशिंगटन में पहला फादर्स डे सेलिब्रेट किया गया।
1947: मशहूर ब्रिटिश-भारतीय लेखक और उपन्यासकार सलमान रुश्दी का जन्म हुआ।