झारखंड के पारा शिक्षकों की बल्ले-बल्ले, JSSC ने 7,299 सहायक आचार्य पदों पर निकाली बंपर भर्ती

Blog
 Image

रांची। झारखंड के पारा शिक्षकों के लिए राज्य सरकार और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। आयोग ने राज्य में 7,299 सहायक आचार्य पदों पर बंपर भर्ती के लिए 'झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026' का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है।

झारखंड के हजारों पारा शिक्षकों (सहायक अध्यापकों) के लिए बड़ी राहत और सुनहरा अवसर सामने आया है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने राज्य के सरकारी विद्यालयों में 7,299 सहायक आचार्य (पारा कोटि) पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके साथ ही लंबे समय से नियमित नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे पारा शिक्षकों के लिए चयन प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 'झारखंड प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा कोटि) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026' के तहत अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन प्रक्रिया 31 जुलाई से शुरू होकर 30 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक चलेगी। आवेदन शुल्क का भुगतान 1 सितंबर तक किया जा सकेगा, जबकि फोटो, हस्ताक्षर अपलोड करने और आवेदन पत्र का प्रिंट निकालने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित की गई है। भर्ती अभियान के तहत 6,101 पद नियमित नियुक्ति और 1,190 पद बैकलॉग भर्ती के लिए निर्धारित किए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित कक्षाओं के लिए एनसीटीई की निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के साथ जेटेट उत्तीर्ण होना अनिवार्य रहेगा। हालांकि, सीटेट  अथवा झारखंड के पड़ोसी राज्यों की शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण पारा शिक्षक भी इस भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने के बाद तीन वर्ष के भीतर और उपलब्ध पहले अवसर पर जेटेट उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। राज्य में लंबे समय से नियमितीकरण और स्थायी नियुक्ति की मांग कर रहे पारा शिक्षकों के लिए यह भर्ती अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षा विभाग और आयोग को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद पारा शिक्षकों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन की तैयारी में जुट गए हैं।