ये दुनिया पूरी तरह एक दूसरे पर आश्रित है। एक जीव को अपने आप को जिंदा रखने के लिए दूसरे जीव की जरूरत पड़ती ही है। शेर-चीता जैसे शिकारी हों या आसमान में उड़ने वाले पक्षी, हर कोई दूसरे जीवों पर खाने के लिए निर्भर है। यही नहीं, घास खाने वाले जीव भी पेड़-पौधों और पत्तियों पर डिपेंड हैं। आपको लगता होगा कि इंसानों पर कोई भी आश्रित नहीं है। अगर हां, तो आप पूरी तरह गलत हैं। सिर पर चलने वाली जुएं इसका एक उदाहरण है। पर ये तो काफी बड़े जीव हैं जो आपके भरोसे जिंदा हैं, कई जीव ऐसे हैं जो आपके शरीर पर हर वक्त मौजूद रहते हैं और नंगी आंखों से नहीं दिखते। ऐसे कुछ जीव आपके चेहरे पर प्रतिदिन चलते रहते हैं।
बेशक ये पढ़कर आपको डर लग गया होगा, मगर ये सच है कि हर वक्त, आपके चेहरे पर हजारों माइस्क्रोस्कोपिक जीव घूम रहे होंगे। वॉक्स वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक ये कीड़े मकड़ी और किलनी की प्रजाति के होते हैं। अमेरिकी कृषि विभाग के माइट साइंटिस्ट रॉन ओचोआ ने कहा था कि 99.9 पर्सेंट लोगों के चेहरे पर ये माइट अपना घर बनाकर रहते हैं।

रात में चेहरे पर करते हैं प्रजनन
जिस तरह कुत्तों या गायों के शरीर पर किलनी या अन्य प्रकार के जीव रहते हैं, उसी तरह ये माइट्स इंसानों के चेहरे पर घर बनाए रहते हैं। ये माइट सबसे ज्यादा हमारे फेस पर होते हैं पर शरीर पर जितने बाल हैं उनकी जड़ों में भी माइट मौजूद होते हैं। ये हमारे पूरे शरीर में मौजूद होते हैं। वैज्ञानिकों का कहना है कि एक इंसान के शरीर पर लाखों कीड़े मौजूद हो सकते हैं। दिन यानी रोशनी के वक्त कीड़े बालों की जड़ों में चले जाते हैं पर जहां ये ऑयल ग्लैंड से निकलने वाले ऑयल पर निर्भर करते हैं। रात या बिना रोशनी में ये जड़ों से बाहर आते हैं और चेहरे पर अपने पार्टनर के साथ प्रजनन करते हैं।
दो तरह के कीड़े होते हैं कॉमन
साल 1842 तक इन कीड़ों के बारे में वैज्ञानिकों ने पता लगा लिया था। आपको बता दें कि इन्हें Demodex folliculorum और Demodex brevis कहते हैं और अभी तक वैज्ञानिकों को इनके बारे में पूरी जानकारी नहीं है। ये पलक, नाक, भौं और अन्य हेयरलाइन पर पाए जाते हैं मगर ये पूरे शरीर में बालों की जड़ के पास कहीं भी हो सकते हैं।