त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान जारी है। 20 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 259 प्रत्याशी मैदान में हैं। चप्पे-चप्पे पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है। त्रिपुरा चुनाव से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ…
चुनाव आयोग के अनुसार, त्रिपुरा में शाम पांच बजे तक 76.49 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
कहां-कितने लोगों ने डाला वोट?
जिला वोटिंग प्रतिशत
धलाई 81.47%
गोमती 71.97%
खोवाई 73.59%
नॉर्थ त्रिपुरा 74.83%
सिपाहीजिला 75.98%
साउथ त्रिपुरा 75.81%
ऊनाकोटी 71.92%
वेस्ट त्रिपुरा 75.16%
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद बिपल्ब कुमार देब ने गोमती में अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘हम किसी भी चुनाव को छोटा या बड़ा नहीं देखते हैं। जनता सर्वोच्च है और उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने हमें 2018 में सत्ता दी और कोविड के बावजूद हमने राज्य के सभी क्षेत्रों में काम किया।’
चुनाव आयोग का नोटिस
वोटिंग के दौरान ट्विट करके अपने पक्ष में वोट मांगने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने त्रिपुरा भाजपा और कांग्रेस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना है। आयोग ने इस मामले में दोनों ही पार्टियों से जवाब मांगा है।
चुनाव आयोग के अनुसार, दोपहर तीन बजे तक त्रिपुरा में 69.60 फीसदी मतदान हुआ है। ये आंकड़ा अभी बढ़ भी सकता है।
चुनाव आयोग के अनुसार, त्रिपुरा में दोपहर एक बजे तक कुल 51.35 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है।
कहां-कितने लोगों ने डाला वोट?
जिला वोटिंग प्रतिशत
धलाई 54.17%
गोमती 49.69%
खोवाई 49.67%
नॉर्थ त्रिपुरा 47.57%
सिपाहीजिला 48.95%
साउथ त्रिपुरा 53.67%
ऊनाकोटी 50.64%
वेस्ट त्रिपुरा 51.33%
पूर्व मुख्यमंत्री का भाजपा पर निशाना
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और कम्युनिस्ट पार्टी के नेता माणिक सरकार ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘कहीं-कहीं भाजपा की ओर से असामाजिक तत्व परेशानी खड़ी कर रहे हैं और लोगों को निर्भय होकर वोट डालने से रोक रहे हैं। लेकिन जनता वोट डालने की पूरी कोशिश कर रही है। कुछ जगहों पर जहां मतदाताओं को मतदान करने की अनुमति नहीं है, वे सड़कों को अवरुद्ध कर रहे हैं और चुनाव आयोग से गुहार लगा रहे हैं कि अगर उन्हें वोट नहीं डालने दिया गया तो वे दूसरों को वोट नहीं डालने देंगे। यह एक सकारात्मक संकेत और एक दृढ़ प्रयास है। हमारे लोगों को जो जानकारी मिलती है उसकी सूचना मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दी जाती है। वह बेहद सकारात्मक तरीके से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लेकिन जमीनी स्तर पर क्या कार्रवाई की जाती है, इसकी और जांच करने की जरूरत है।
टिपरा मोथा प्रमुख का विवादित बयान
त्रिपुरा में नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने वाले टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि केवल उनकी पार्टी (टिपरा मोथा) ही सत्तारूढ़ बीजेपी (BJP) के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। अगर उनकी पार्टी त्रिपुरा चुनावों में स्पष्ट बहुमत हासिल करने में विफल रहती है तो वह बीजेपी विधायकों को “खरीदने” के बारे में सोच रहे हैं।
देबबर्मा ने कहा कि अगर हमें यानी टिपरा मोथा को 30 से कम सीटें मिलती है तो वह अपने महल के कुछ हिस्सों को बेचकर बीजेपी के 25-30 विधायकों को खरीदने के बारे में सोच रहे हैं। बर्मा ने कहा कि उनके पास पैसा ही पैसा है। ऐसा क्यों माना जाता है कि केवल बाकी दलों के विधायक बिकाऊ हैं? सिर्फ हम पर ही सवाल क्यों उठाए जाते हैं? बीजेपी वालों को भी खरीदा जा सकता है।
चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार, अब तक त्रिपुरा में 32.06 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
पीएम मोदी ने रिकॉर्ड मतदान की अपील की
चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को त्रिपुरा में लोगों से ‘रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करने’ की अपील की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि मैं त्रिपुरा के लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने और लोकतंत्र के त्योहार को मजबूत करने का आग्रह करता हूं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैं विशेष रूप से युवाओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान करता हूं।