दिल्लीः कांग्रेस का सूरज पूरब में भी नहीं उगा। गुरुवार सुबह EVM खुलते ही साफ हो गया- त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड में कांग्रेस के लिए कोई उम्मीद नहीं। नगालैंड में कांग्रेस जीरो थी, जीरो ही रही। त्रिपुरा में 0 से 3 पर आ गई। मेघालय में 21 से 5 पर आ गिरी। वहीं मोदी वाली BJP त्रिपुरा में बहुमत के बूते, तो बाकी दोनों राज्यों में गठबंधन से सरकार बनाने जा रही है।
कांग्रेस का यह हाल 2014 के बाद से बना हुआ है। गिने-चुने राज्यों को छोड़ दें तो देश की यह ग्रैंड ओल्ड पार्टी तेजी से सिमट रही है। देश में कुल 4033 विधायक हैं, इनमें कांग्रेस के 658 बचे हैं। पिछले 8 सालों में कांग्रेस विधायकों की संख्या 24% से घटकर 16% ही रह गई है। पांच राज्यों में तो पार्टी का कोई विधायक नहीं बचा। वहीं 9 राज्यों में 10 कम विधायक हैं। 1951 में तमिलनाडु को छोड़कर सभी राज्यों में सरकार बनाने वाली कांग्रेस के अब सिर्फ 3 राज्यों में CM बचे हैं।