झारखंड में करवट लेगा मौसम, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं और गिरेगा 5 डिग्री तक पारा

Blog
 Image

रांची। झारखंड के लोगों के लिए उमस और चिलचिलाती गर्मी से राहत की बड़ी खबर है। राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ रहेगा। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, सूबे के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस मानसूनी सक्रियता के कारण अगले दो से तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी सुकून मिलेगा।

मौसम केंद्र द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा होने के आसार हैं। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के अलावा दक्षिणी भाग के पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में मौसम बदलेगा। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी झमाझम बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से 30 जून और 1 जुलाई को लेकर सतर्क रहने को कहा है। 30 जून को राज्य में कहीं-कहीं गरज-चमक और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं (झोंके) चल सकती हैं। इस दौरान उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के कुछ हिस्सों, खासकर बोकारो और धनबाद में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। वहीं 1 जुलाई को भी यह दौर जारी रहेगा और रांची, खूंटी, रामगढ़, सरायकेला सहित दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है। इसके अतिरिक्त, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में भी वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर कड़ा अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम या बादलों की गड़गड़ाहट के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे जाने से बचें और सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लें। झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। जहां कुछ जिलों में पारा सामान्य से काफी ऊपर रहा, वहीं कुछ इलाकों में अच्छी बारिश ने राहत दी। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। इसके विपरीत, जमशेदपुर में 37.1 डिग्री, डालटनगंज में 37.2 डिग्री और चाईबासा में 36.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा में 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वही,अगर बारिश की बात करें तो पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक वर्षा पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में 49.6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मंझारी और हजारीबाग में 20-20 मिलीमीटर, जबकि सरायकेला में 18 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। आने वाले तीन दिनों में इस बारिश की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।