बदरीनाथ में 45 बेड का आधुनिक अस्पताल तैयार,पीएम मोदी कर सकते हैं उद्घाटन,आईसीयू-ओटी समेत मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

Blog
 Image

चमोली। चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक बेहद राहतभरी और बड़ी खबर है। उच्च हिमालयी क्षेत्र बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को त्वरित और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बन रहे 45 बेड के आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत तैयार हो रहे इस चार मंजिला अस्पताल को 'सब जिला अस्पताल' के रूप में विकसित किया जा रहा है।

चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बदरीनाथ धाम में स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा विस्तार होने जा रहा है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत निर्माणाधीन 45 बेड के आधुनिक अस्पताल का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। चार मंजिला भवन को सब जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल भवन में मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट भी लगाई गई है। आधुनिक चिकित्सा उपकरण अस्पताल में पहुंच चुके हैं और इनके इंस्टॉलेशन का काम तेजी से चल रहा है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक हर हाल में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कोशिश है कि अस्पताल का संचालन जल्द शुरू हो सके। अस्पताल के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित बदरीनाथ दौरे की चर्चा है। बताया जा रहा है कि अक्टूबर में प्रधानमंत्री के बदरीनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। संभावित दौरे को देखते हुए शासन-प्रशासन से लेकर पीएमओ स्तर तक तैयारियां किए जाने की बात सामने आ रही है। इसी दौरान आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के बदरीनाथ दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। ऐसे में उद्घाटन की तारीख फिलहाल तय नहीं मानी जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के संभावित अक्टूबर दौरे को ध्यान में रखते हुए अस्पताल भवन का निर्माण और आधुनिक चिकित्सा मशीनों की स्थापना का काम तेज किया गया है। उनका कहना है कि अस्पताल का संचालन जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बदरीनाथ धाम उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित है और हर साल चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऊंचाई और मौसम की परिस्थितियों के कारण कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी, ऑक्सीजन की कमी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। गंभीर स्थिति में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता था। नए अस्पताल के शुरू होने के बाद ऐसी परिस्थितियों में यात्रियों को बदरीनाथ में ही तत्काल और बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है। आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से गंभीर मरीजों को प्राथमिक स्तर पर उपचार देने में मदद मिलेगी। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत तैयार हो रहा यह अस्पताल धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आधुनिक भवन, लिफ्ट, जांच सुविधाओं और चिकित्सा उपकरणों से लैस अस्पताल से न केवल तीर्थयात्रियों, बल्कि स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। 31 अगस्त तक भवन निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अब निगाहें उपकरणों की स्थापना और अस्पताल के संचालन शुरू होने पर टिकी हैं। यदि प्रधानमंत्री का संभावित दौरा तय होता है तो अस्पताल का उद्घाटन भी इस दौरे का अहम हिस्सा बन सकता है।