Mar 10, 2026

चारधाम यात्रा 2026 की तैयारी तेज, बीकेटीसी ने 121.7 करोड़ बजट पास कर बदरीनाथ-केदारनाथ में गैर सनातनियों पर रोक लगाई

post-img

उत्तराखंड चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। उससे पहले ही बदरी केदार मंदिर समिति की हुई बोर्ड बैठक हुई। बीकेटीसी की बोर्ड बैठक में महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। जिसके तहत बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाये जाने से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इस बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 121.7 करोड़ का बजट पारित किया गया। बैठक में आगामी यात्रा सत्र 2026-27 को देखते रखते हुए 1210799501 रुपए का अनुमानित बजट पारित किया गया। साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बजट बैठक में बदरीनाथ धाम के लिए 574739601 रुपये और केदारनाथ धाम के लिए 636059900 रुपये बजट का प्रावधान किया गया है। बजट में प्रस्तावित आय के सापेक्ष 994536651 का प्रस्तावित व्यय दिखाया गया है। 

बैठक का संचालन करते हुए मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने पिछले बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की। बीकेटीसी का आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया। बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा चारधाम यात्रा का अप्रैल माह में शुभारंभ हो रहा है। आगामी यात्रा काल को ध्यान में रखकर बीकेटीसी ने बजट प्रावधान किये हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल और केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं. गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन यानी 19 अप्रैल को खुलेंगे। बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में केदारनाथ का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब बदरीनाथ पुनर्निर्माण कार्य चल रहे हैं। प्रदेश सरकार के स्तर पर धामों में यात्रा तैयारियां त्वरित गति से चल रही हैं। बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा बीकेटीसी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल- और सुगम दर्शन व्यवस्था करना है।  इसके लिए बजट में आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं. समिति पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि पारित प्रस्तावों के प्रभावी क्रियान्वयन से आगामी यात्रा वर्ष 2026-27 में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. धामों की व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ की जा रही हैं। 

बीकेटीसी की बैठक में पास हुये ये प्रस्ताव
यात्रा पूर्व व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का प्रस्ताव
ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट केंप में मंदिर समिति शिविर कार्यालय खोलने का प्रस्ताव
बदरीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर में गैर सनातनियों के प्रवेश रोकने का प्रस्ताव
धामों में निर्धारित दूरी तक मोबाइल प्रतिबंधित किये जाने का प्रस्ताव
बीकेटीसी अधिनियम में कतिपय प्रावधानों में संशोधित किये जाने का प्रस्ताव
रावल की नियुक्ति नियमावली व परंपराओं के संबंध में प्रस्ताव
बदरीनाथ मंदिर केदारनाथ मंदिर में पूजा- दर्शन व्यवस्था का प्रस्ताव
बीकेटीसी को कार्यदायी संस्था नामित किये जाने का प्रस्ताव
कर्मचारियों की प्रौन्नति का प्रस्ताव
अस्थायी कर्मचारियों के वेतन विसंगति दूर करने का प्रस्ताव
मानदेय बढ़ाने का प्रस्ताव
आदि बदरी मंदिर को बीकेटीसी में सम्मिलित किये जाने का प्रस्ताव
डिमरी धार्मिक पंचायत के पत्रों पर विचार का प्रस्ताव
पूजा सामग्री खरीदने का प्रस्ताव
मर्कंटेश्वर मंदिर के सभा मंडप पुनर्निर्माण का प्रस्ताव
बीकेटीसी कर्मचारियों के वेतन पेंशन के लिए रिवॉल्विंग फंड बनाने का प्रस्ताव

इसके अलावा यात्रा एवं दर्शन एसओपी विचार, मंदिर परिसर, दर्शन पंक्ति रेलिंगों की मरम्मत, रंग-रोगन पेयजल, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, विश्राम गृहों में आवासीय व्यवस्थाऔर दर्शन व्यवस्था, पूजा व्यवस्था, आन लाईन पूजा एवं मंदिर समिति की वेबसाइट को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने, मंदिरों के जीर्णौद्धार के साथ ही यात्रा पूर्व रखरखाव, विज्ञापन नीति, कर्मचारियों के स्थानांतरण नीति पर चर्चा हुई. साथ ही प्रस्ताव पारित हुए। समिति ने निर्णय लिया है कि यात्रा सीजन के दौरान बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए दर्शन व्यवस्था एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा