Feb 05, 2026

गुंजन हत्याकांड में ऐतिहासिक कदम, देहरादून पुलिस चार दिन में चार्जशीट दाखिल को तैयार

post-img

देहरादून। गुंजन हत्याकांड मामले पर देहरादून पुलिस चार दिन के भीतर आज आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करेगी। उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा कि पुलिस ने हत्या से संबंधित मामले में चार दिन में चार्जशीट दाखिल करने जा रही है।  दून पुलिस द्वारा उच्च अधिकारियों से अपील की गई है कि यह मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाए। जिससे आरोपी को जल्द से जल्द सजा और मृतका के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके। 

मामले के मुताबिक 2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार में हुई गुंजन की हत्या के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश को गिरफ्तार किया। 3 फरवरी को आकाश को अदालत में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले की जांच के लिए देहरादून एसएसपी ने एसपी सिटी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। जिसमें एसआईटी में नामित अधिकारी सीओ सिटी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी एसओजी और प्रभारी फील्ड यूनिट को शामिल किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी की टीम ने दिन-रात काम करते हुए अलग-अलग मौके से सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूत जुटाए। साथ ही केस से जुड़े अहम लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। जांच टीम ने 3 फरवरी को केस डायरी के पर्चे काटे और चार्जशीट में शामिल करते हुए 4 फरवरी को चार्जशीट को अंतिम रूप दिया। अब आज 5 फरवरी शाम तक पुलिस कोर्ट में चार्जशीट करने करने जा रही है। उधर, सामने आया है कि देहरादून दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े गुंजन की हत्या करने का आरोपी आकाश दो दिन से धारदार हथियार लेकर घूम रहा था. 31 जनवरी को ही आकाश की पत्नी ने इसकी जानकारी गुंजन के परिजनों को दी थी। गुंजन के भाई अंश ने बताया कि आरोपी आकाश की पत्नी ने फोन करके आगाह किया था कि वह धारदार हथियार लेकर घूम रहा है, पुलिस को दी गई तहरीर में भी गुंजन के भाई ने जिक्र किया है कि आकाश ने फिल्मी स्टाइल में धमकी दी थी। आरोप है कि आकाश ने दबाव बनाया था कि अगर गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह जान से मार देगा। एसएसपी अजय सिंह का कहना है कि घटना के बाद एसपी सिटी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी घटना के संबंध में हर पहलुओं पर जांच कर रही थी। साथ ही दस्तावेज, सबूत, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यदर्शी के बयान और हत्या के अन्य पहलू टीम ने इकट्ठा किए। पुलिस टीम ने जल्द कार्रवाई करते हुए इस घटना से संबंधित चार्जशीट आज दाखिल कर दी जाएगी। एसएसपी का कहना है इस घटना में फास्ट ट्रैक कोर्ट की अपील की जाएगी, जिससे आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिल सके।