राहुल गांधी के महत्वपूर्ण दौरे से पहले कुमारी सैलजा ने देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण

Blog
 Image

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी तरह चुनावी मोड में आ गया है। आगामी 4 और 5 जून को होने वाले इस महत्वपूर्ण दौरे की तैयारियों को परखने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा रविवार को देहरादून पहुंचीं। देहरादून आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया, जिसके तुरंत बाद उन्होंने शीर्ष नेताओं के साथ कार्यक्रम स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया।

कुमारी सैलजा ने हरिद्वार बाईपास रोड स्थित नीरजा ग्रीन्स और आईएसबीटी के निकट प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत और महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान मंच, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़ी रूपरेखा की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के बाद आयोजित एक प्रेसवार्ता में कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा राज्य में कांग्रेस के लिए एक नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह एकजुट है और इस दौरे के ठीक बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी कर दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने चारधाम यात्रा के बहाने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश-विदेश से श्रद्धालुओं को बुला तो रही है, लेकिन यात्रा मार्गों पर अव्यवस्थाओं का अंबार है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है।