19 अगस्त से फिर शुरू होगी मद्महेश्वर धाम यात्रा, सुरक्षा के बीच बदला ट्रॉली संचालन का समय

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। जनसुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रूप से रोकी गई द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर धाम की यात्रा मंगलवार, 19 अगस्त से फिर सुचारू हो जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ी भीड़ और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा पर अस्थायी रोक लगाई गई थी। अब जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों की रिपोर्ट और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। हालांकि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रॉली संचालन के समय में बदलाव किया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में 7 अगस्त को जारी यात्रा स्थगन संबंधी आदेश को निरस्त कर दिया गया। उप जिलाधिकारी ऊखीमठ की जांच आख्या के साथ पुलिस, लोक निर्माण विभाग, तहसील प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त रिपोर्ट एवं सुझावों के आधार पर यात्रा बहाल करने का फैसला लिया गया है। यात्रा के दौरान ट्रॉली का संचालन अब निर्धारित समय के अनुसार किया जाएगा। प्रशासन ने ट्रॉली संचालन के लिए तीन समयावधियां तय की हैं। सुबह 6:30 से 9 बजे तक, इसके बाद 10:30 बजे से दोपहर एक बजे तक और फिर दोपहर 2:30 से शाम छह बजे तक ट्रॉली संचालित होगी। यात्रियों की सुविधा और ट्रॉली संचालन में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए दो विश्राम अवधि भी निर्धारित की गई हैं। सुबह 9 से 10:30 बजे और दोपहर 1 से 2:30 बजे तक ट्रॉली संचालन बंद रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित समय और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। मद्महेश्वर यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यात्रियों की सहायता के लिए भी सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज एवं बचाव दलों को भी तैयार रखा है। अधिकारियों के अनुसार मौसम और यात्रा मार्ग की परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। किसी भी आपदा या खतरे की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया जा सकेगा। प्रशासन का कहना है कि यात्रा बहाल करने का फैसला सुरक्षा मानकों और विभिन्न विभागों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। यात्रा दोबारा शुरू होने से श्रद्धालुओं में उत्साह है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।