Apr 29, 2026

मुंबई में सनसनी: कलमा पढ़ने से इनकार पर गार्ड्स पर हमला

post-img

नई दिल्ली। मुंबई के पास मीरा रोड के नया नगर इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक युवक ने निर्माणाधीन बिल्डिंग में तैनात दो सुरक्षा गार्ड्स पर चाकू से हमला कर दिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि हमले से पहले आरोपी ने गार्ड्स से उनका नाम, धर्म और कलमा पढ़ने को कहा। जब उन्होंने इनकार किया तो आरोपी ने अचानक उनपर हमला कर दिया। यह घटना 27 अप्रैल 2026 की की है। उस समय राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन मीरा रोड ईस्ट स्थित वॉकहार्ट अस्पताल के पीछे बन रही अस्मिता ग्रैंड बिल्डिंग के निर्माण स्थल पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी 31 वर्षीय आरोपी जैब जुबैर अंसारी वहां पहुंचा और दोनों गार्ड्स से बातचीत शुरू की। 

जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पहले दोनों से उनका नाम और धर्म पूछा। इसके बाद उसने उनसे कलमा पढ़ने को कहा। जब दोनों गार्ड्स ने ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और उन पर हमला कर दिया। इस हमले में राजकुमार मिश्रा को गंभीर चोटें आईं, जिनमें पेट के अंदरूनी हिस्सों तक चोट पहुंचने की बात सामने आई है। वहीं सुब्रतो सेन को पीठ में हल्की चोट आई और उन्होंने किसी तरह पास के केबिन में छिपकर अपनी जान बचाई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में सुब्रतो सेन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार दोनों की हालत अब स्थिर है और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान जैब जुबैर अंसारी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे नया नगर इलाके में उसके किराए के घर से घटना के करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी के माता-पिता अमेरिका में रहते हैं और वह खुद भी साल 2019 तक अमेरिका में पढ़ाई कर चुका है। इसके बाद वह भारत लौट आया और मीरा रोड के नया नगर इलाके में अकेले रह रहा था। जानकारी यह भी मिली है कि मकान मालिक ने उसे 5 मई तक घर खाली करने का नोटिस दिया था। सूत्रों के अनुसार आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों की जांच में यह बात सामने आई है कि वह कथित तौर पर आईएसआईएस से जुड़े वीडियो देखता था। साथ ही यह भी जानकारी मिली है कि कुछ महीने पहले तक वह एक कोचिंग सेंटर में केमिस्ट्री और मैथ्स पढ़ाता था। इस मामले में नया नगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है, जिसकी शिकायत सुब्रतो सेन की ओर से की गई है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच नया नगर पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस की एंटी टेररिज्म स्क्वॉड मिलकर कर रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह घटना फिलहाल पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस हमले के पीछे की असली वजह सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।