Feb 28, 2026

पौड़ी के बिलखेत में तीन दिवसीय नयार वैली फेस्टिवल का दूसरा दिन, महाशीर मछली पकड़ने की प्रतियोगिता रही आकर्षण

post-img

पौड़ी। जनपद के सतपुली क्षेत्र अंतर्गत बिलखेत में आयोजित तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के दूसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न रोमांचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। फेस्टिवल के दूसरे दिन नयार नदी की लहरों के बीच आयोजित एंगलिंग और कयाकिंग प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रही, जहां देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। 

एंगलिंग प्रतियोगिता में बेंगलुरु से आए एंगलर ट्रेवर होम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महाशीर मछलियां पकड़ीं, जिनमें एक मछली का वजन करीब 2.5 किलोग्राम रहा. वहीं अल्मोड़ा जिले के संजीव परोरिया ने भी तीन मछलियां पकड़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चंपावत जिले के पंचेश्वर निवासी संजय ने विभिन्न प्रजातियों की पांच मछलियां पकड़कर प्रतियोगिता में विशेष प्रदर्शन किया। मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता ‘कैच एंड रिलीज’ पद्धति के तहत आयोजित की जा रही है, जिसके अंतर्गत पकड़ी गई सभी मछलियों को सुरक्षित तरीके से पुनः नयार नदी में छोड़ दिया गया, ताकि जलीय जैव विविधता का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा फेस्टिवल के सफल संचालन के लिए लगातार निगरानी और समन्वय किया जा रहा है।  एडवेंचर गतिविधियों के चलते पूरे क्षेत्र में उत्साह और पर्यटन को बढ़ावा मिलता दिखाई दे रहा है। नयार वैली फेस्टिवल के तहत आयोजित एडवेंचर प्रतियोगिताओं में दूसरे दिन प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर रोमांच का माहौल बना दिया। 

मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि एंगलिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया।  बेंगलुरु से आए एंगलर ट्रेवर होम ने तीन महाशीर मछलियां पकड़ी, जिनमें एक मछली का वजन लगभग 2.5 किलोग्राम रहा। वहीं अल्मोड़ा जिले के संजीव परोरिया ने तीन मछलियां पकड़कर अपनी दक्षता दिखाई, जबकि चंपावत जिले के पंचेश्वर निवासी संजय ने विभिन्न प्रजातियों की पांच मछलियां पकड़कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 22 कयाकर्स भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी नयार नदी के विभिन्न स्थानों पर तेज धाराओं के बीच अपने संतुलन, साहस और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं. नदी की लहरों को चीरते हुए कयाकर्स का आत्मविश्वास दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के माध्यम से नयार घाटी को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि एडवेंचर फेस्टिवल के जरिए स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।  साथ ही क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस आयोजन का सीधा लाभ स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों तथा स्वयं सहायता समूहों को मिल रहा है, जिससे नयार घाटी में पर्यटन आधारित आजीविका को नई गति मिल रही है।