नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया। इन दोनों सीटों पर नामांकन का आखिरी दिन आज यानी शुक्रवार को ही है। ऐसे में ऐन वक्त पर पार्टी ने तय किया है कि राहुल गांधी रायबरेली और किशोरी लाल शर्मा अमेठी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में होंगे। केएल शर्मा, सोनिया गांधी के प्रतिनिधि रह चुके हैं। इसी के साथ प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया। कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह इसकी आधिकारिक घोषणा की।
राहुल गांधी दोपहर करीब 12.15 बजे रायबरेली में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पार्टी ने उनका नाम अमेठी से नहीं बल्कि रायबरेली से फाइनल किया है। पहले यह चर्चा थी कि इस सीट से प्रियंका गांधी लड़ेंगी और राहुल गांधी अमेठी से ही लड़ेंगे। हालांकि दो दिनों से प्रियंका गांधी के चुनाव न लड़ने की खबरें सामने आने लगी थीं। शुक्रवार सुबह ही राहुल गांधी का नाम फाइनल हुआ और वो मां सोनिया गांधी के साथ दिल्ली से रवाना हो गए। अमेठी होते हुए रायबरेली पहुंचने का उनका शेड्यूल तय है।अमेठी में फुरसतगंज एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वो पार्टी दफ्तर गए. यहीं से रायबरेली जाने का कार्यक्रम है।
वहीं अमेठी सीट पर किसे टिकट दिया जाएगा इस पर भी अब नाम साफ हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले किशोरी लाल शर्मा को अमेठी के लिए चुना गया है। वहीं भाजपा ने अमेठी से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को टिकट दिया है। पिछली बार चुनाव में स्मृति ईरानी ने इसी सीट से जीत हासिल किया था। जबकि विपक्ष में खड़े राहुल गांधी को हार का सामना करना पड़ा था। इन दोनों रायबरेली और अमेठी सीटों पर पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है।