देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने चाय बागान और आसपास के जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल आरोपी पहले भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है और उसने अपने साथी के साथ मिलकर देहरादून में एक बैंककर्मी की हत्या की सुपारी ली थी। पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात पटेल नगर क्षेत्र के बड़ोवाला में एक बैंककर्मी सत्यम कुमार पर फायरिंग की गई थी। घटना में सत्यम गोली लगने से घायल हो गया था। मामले में एक महिला की शिकायत पर पटेल नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान व तलाश में जुट गई। पूछताछ में पुलिस के हाथ चौंकाने वाली जानकारी लगी। पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी अंकित चौहान, निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार ने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर सत्यम कुमार की हत्या की सुपारी ली थी। इसके लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। हत्या की साजिश रचने वाली महिला ने कथित तौर पर एडवांस के रूप में 1.20 लाख रुपये दिए थे। बाकी रकम हत्या के बाद देने की बात कही गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी को सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई थी। पूछताछ में सामने आया कि महिला की मुलाकात वर्ष 2020 में हरिद्वार के एक बैंक में काम करने के दौरान सत्यम से हुई थी। आरोप है कि सत्यम ने कई वर्षों तक उसे शादी का भरोसा दिया, लेकिन बाद में किसी अन्य युवती से सगाई कर ली। इसी कथित विवाद के चलते महिला ने उसे रास्ते से हटाने के लिए सुपारी देने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा। दोनों शाम को उज्जीवन बैंक के बाहर सत्यम के निकलने का इंतजार कर रहे थे। करीब 7:45 बजे सत्यम के बैंक से बाहर निकलने के बाद दोनों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया। शिमला बायपास रोड पर बड़ोवाला के पास सुनसान स्थान पर आरोपियों ने अपनी मोटरसाइकिल सत्यम की स्कूटी के आगे लगा दी और उस पर फायर कर दिया। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात वे कथित तौर पर सुपारी की बची हुई रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस को उनके पटेल नगर क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिल गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग शुरू कर दी। गोरखपुर चौक पर पुलिस ने बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों ने बाइक दौड़ा दी और प्रेमनगर की ओर जाने वाली सड़क पर भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया तो दोनों चाय बागान की पगडंडी के पास मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंकित चौहान के पैर में गोली लग गई। अंकित के घायल होते ही पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से आरोपी के कब्जे से तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अब फरार आरोपी अंकुर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही जंगल और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चला रही है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर गोली चलाई थी। जवाबी कार्रवाई में अंकित घायल हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

