उत्तराखंड पेंशन अपडेट: सीएम धामी ने सीधे खातों में भेजी अप्रैल माह की पेंशन, 7.56 लाख लाभार्थियों के खिले चेहरे

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश के लाखों जरूरतमंदों को बड़ी सौगात दी है। बुधवार को सचिवालय में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले 7,56,682 लाभार्थियों को अप्रैल माह की पेंशन का तोहफा दिया। सीएम ने 'वन क्लिक' के माध्यम से सीधे पेंशनर्स के खातों में 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। सरकार के इस कदम से प्रदेश के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों समेत सात लाख से अधिक परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार 'अंत्योदय' के मंत्र पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सशक्त बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग का उत्थान ही राज्य की असली प्रगति है। सीएम ने बताया कि अब समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का सरलीकरण किया गया है, जिसके चलते हर साल 60 हजार से अधिक नए पात्र लोग पेंशन नेटवर्क से जुड़ रहे हैं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भविष्य के लिए एक बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभाग ऐसा सर्वे तंत्र विकसित करे कि जो लोग 59 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं, उनकी औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि जैसे ही कोई व्यक्ति 60 वर्ष की आयु में प्रवेश करेगा, उसे बिना किसी दफ्तर के चक्कर काटे तत्काल पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी। साथ ही, उन्होंने पेंशन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए वार्षिक आय के मानकों को और अधिक 'व्यावहारिक' बनाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने विभाग को 'बेस्ट प्रैक्टिस' अपनाने और नवाचार (Innovation) पर जोर देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि एक विशेष कॉल सेंटर के माध्यम से बुजुर्गों और पेंशनर्स से नियमित संवाद किया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का तुरंत निस्तारण हो सके। इस मौके पर विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि धामी सरकार के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है और भ्रष्टाचार की गुंजाइश को खत्म कर सीधे लाभार्थियों तक लाभ पहुँचाया जा रहा है।