Apr 18, 2026

देहरादून से दिल्ली मात्र 3 घंटे में: नए एक्सप्रेसवे रूट और सस्ते बस टिकटों की हुई आधिकारिक घोषणा

post-img

देहरादून। राजधानी देहरादून से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशियों की डबल डोज सामने आई है। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के भव्य उद्घाटन के बाद, अब उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) ने यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है। एक्सप्रेसवे से चलने वाली बसों के किराए में भारी कटौती की गई है, जिससे अब सफर न केवल सुहावना और तेज होगा, बल्कि जेब पर भी बोझ कम पड़ेगा। एक्सप्रेसवे के शुरू होने से सबसे बड़ा बदलाव समय और दूरी में आया है। अब देहरादून से दिल्ली का सफर महज 3 घंटे में पूरा हो रहा है। दूरी कम होने के कारण रोडवेज ने किराये के स्लैब में भी बदलाव किया है। सबसे ज्यादा फायदा वोल्वो बस के यात्रियों को हुआ है, जिनका किराया ₹945 से घटकर ₹709 हो गया है-यानी सीधे ₹236 की बचत।

रोडवेज ने सभी श्रेणियों की बसों के किराये में कमी की है:
वोल्वो बस: पहले ₹945 था, अब ₹709 (बचत ₹236)
एसी बस: पहले ₹709 था, अब ₹557 (बचत ₹152)
साधारण (ऑर्डिनरी) बस: पहले ₹420 था, अब ₹355 (बचत ₹65)

ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन के अनुसार, एक्सप्रेसवे रूट पर यात्रियों का रिस्पॉन्स शानदार मिल रहा है। इसे देखते हुए वर्तमान में संचालित 16 बसों (8 वोल्वो, 6 एसी, 2 साधारण) के अलावा जल्द ही 5 नई वोल्वो बसें इस रूट पर उतारी जा रही हैं। इससे एक्सप्रेसवे पर चलने वाली वोल्वो बसों की कुल संख्या 13 हो जाएगी। साथ ही, यात्रियों की भारी डिमांड को देखते हुए साधारण बसों की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाएगी। एक्सप्रेसवे पर बसों के संचालन से ईंधन की बचत तो हो ही रही है, साथ ही जाम के झंझट से भी मुक्ति मिल गई है। वर्तमान में सुबह और शाम के समय अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है ताकि नौकरीपेशा और व्यवसायी वर्ग इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठा सके। परिवहन अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे एक्सप्रेसवे पर सुविधाएं और बढ़ेंगी, बसों की फ्रीक्वेंसी में भी इजाफा किया जाएगा। अब दूनवासियों के लिए दिल्ली जाना किसी दूसरे शहर जाने जैसा नहीं, बल्कि एक आरामदायक 'शॉर्ट ट्रिप' जैसा अनुभव बन गया है।