लखनऊ। यूपी के बांदा में हुए नाव हादसे में मृतकों की संख्या 11 पहुंच चुकी है, जबकि हादसे में लापता लोगों में से 5 लोग जिंदा मिले हैं। बताया जा रहा है हादसे के बाद अब भी चार लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है। उधर हादसे में 8 लोगों के शव आज मिले हैं बताया जा रहा है कि ये शव बहकर फतेहपुर बॉर्डर तक पहुंच गए थे। एएसपी अभिनंदन ने बताया 8 में से दो शव फतेहपुर के असोथर के पास मिले हैं। लापता लोगों के परिजन को बुलाकर शिनाख्त कराई गई। मरका निवासी छुटका ने बताया कि उसकी चाची माया पत्नी दिनेश का शव किशनपुर के नरौली घाट पर मिला है, वहां रहने वाले रिश्तेदार ने पहचान की है। मरका घाट पर NDRF, SDRF और PAC के 78 जवानों ने 8 नावों से शुक्रवार तक कुल 14 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था। 12 किमी की दूरी तक चप्पा-चप्पा खंगाला गया। गुरुवार रात 11.10 बजे ऑपरेशन जिंदगी नाम से रेस्क्यू शुरू हुआ था। एहतियातन यहां घाटों पर गोताखोरों को तैनात किया गया है। महेवा, कौशांबी, किशनपुर, फतेहपुर, चित्रकूट में जाल लगाया गया है। यमुना नदी के किनारे लापता लोगों के परिजन और गांव के लोग पूरी रात बैठे रहे। रुक-रुक कर लोगों के रोने-चीखने की आवाज आती रहीं। मौके पर लोकल गोताखोर के साथ, स्टीमर और नाविक भी हैं, जो उन्हें गाइड करेंगे।
Gaurav Sati
Editor