नई दिल्ली। देशभर में आज रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इस दौरान बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु की कामना की और आशीर्वाद लिया। आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक पोस्ट के जरिए भाई-बहन के इस त्योहार के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। राहुल ने अपने ट्वीट में लिखा कि भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का सबसे खूबसूरत दिन, आज देश भर में राखी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सभी देशवासियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि हर भाई-बहन के बीच का प्यार हमेशा बना रहे। राहुल ने इस ट्वीट के साथ ही प्रियंका गांधी के साथ अपनी खूबसूरत तस्वीरें भी साझा की हैं। तस्वीर में दोनों भाई-बहन अपनी दादी इंदिरा गांधी के साथ नजर आ रहे हैं। तो वहीं एक तस्वीर में वे अपने पिता राजीव गांधी के साथ हैं। एक तस्वीर में सोनिया और राजीव गांधी के साथ दोनों भाई-बहन मौजूद हैं। दूसरी ओर प्रियंका ने भी ऐसे ही कुछ तस्वीरों को एक साथ करके इस भाई-बहन के प्यार वाले त्यौहार पर लोगों को बधाई दी है। इन तस्वीरों में प्रियंका ने अपने शादी की तस्वीरों को भी साझा किया है जिसमें राहुल गांधी खड़े दिखाई दे रहे हैं। प्रियंका ने लिखा कि आप सभी को भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, विश्वास और भरोसे के प्रतीक पावन पर्व रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं।
Gaurav Sati
Editor