नई दिल्ली। मानसून की दस्तक के बाद से ही देशभर के अधिकांश राज्यों में बारिश का दौर जारी है। इस दौरान कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चला है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर की ओर शिफ्ट होने की वजह से अगले 2-3 दिनों में उत्तर भारत में भारी से भारी बारिश हो सकती है। उधर राजस्थान में बारिश ने बीते 33 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सामान्य से 55% ज्यादा बारिश से कई जिलों में बाढ़ के हालात हैं। जोधपुर की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां जिला प्रशासन की मदद के लिए सेना के जवानों को लगाया गया है। वहीं UP में लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज समेत 22 जिलों में बारिश का अलर्ट है। कानपुर में गुरुवार सुबह 2 घंटे झमाझम बारिश हुई। इससे सड़कें तालाब बन गईं। उधर, वाराणसी में दशाश्वमेध घाट की आरती की जगह को दोबारा बदल दिया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा-चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और झारखंड में भारी बारिश होने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भारी बारिश होगी। असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं, सिक्किम, मेघालय और नागालैंड में छिटपुट बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में भी अगले चार दिन तक बारिश की चेतावनी जारी की है।
Gaurav Sati
Editor