लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा ताबड़तोड़ जनसभाएं और रैलियां की जा रही है। इसी कड़ी में आज रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में कालसी ब्लॉक के कृषि मंडी परिसर में टिहरी लोकसभा सीट से प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के समर्थन में बड़ी जनसभा की। सीएम धामी ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व देश लगातार आगे बढ़ रहा है। कहा कि भाजपा ने जो-जो वादे जनता से किए थे, उन्हें पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर पूरा भरोसा है और एक बार फिर देश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सेना पहले से अधिक आत्मनिर्भर हुई हैं। मोदी सरकार सैनिकों के उत्थान और कल्याण के लिए काम कर रही है। कहा कि मैं भी एक सैन्य परिवार से आता हूं। आज कोई देश भारत को आंख दिखाने की हिम्मत नहीं कर सकता है। भाजपा सरकार ने सैन्य धाम के माध्यम से सैनिकों को सम्मान देने का भी काम किया है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला प्रदेश बन गया है। हमने नकल विरोधी कानून बनाया। पिछले 22 साल के मुकाबले भाजपा सरकार में दोगुनी नौकरियां दी गई। जी 20 समेत विश्व में भारत का डंका बज रहा है।
Gaurav Sati
Editor